*1 वर्ष बीतने के बाद भी सड़क अधूरी जिम्मेदार अधिकारी नेता मौन*

*अमरकंटक | ग्लोबल न्यूज | श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट*
*अमरकंटक का कपिलधारा मार्ग गड्ढों में तब्दील जो गुजरे वही कोसे साल बाद भी सड़क अधूरी*
*अस्पताल पर्यटन स्थलों और नगर के प्रमुख संपर्क मार्ग की बदहाली से रोजाना हजारों लोग परेशान जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल*
मां नर्मदा की उद्गम स्थली, विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल अमरकंटक का महत्वपूर्ण कपिलधारा मार्ग आज बदहाली की कहानी बयां कर रहा है। जिस सड़क का निर्माण कार्य 5-6 माह में पूरा करने का दावा किया गया था, वह लगभग एक वर्ष बीतने के बावजूद भी अधूरा पड़ा है। सड़क अब जगह-जगह बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और इस मार्ग से गुजरने वाला हर व्यक्ति प्रशासन को कोसते हुए आगे बढ़ता है।
यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं बल्कि अमरकंटक की जीवनरेखा है। इसी मार्ग पर नगर का बड़ा अस्पताल स्थित है, जहां एम्बुलेंस का नियमित आवागमन रहता है। विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल कपिलधारा, दुग्धधारा सहित अनेक दर्शनीय स्थलों तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को इसी सड़क का सहारा लेना पड़ता है।
बारिश ने समस्या को और विकराल बना दिया है। गड्ढों में पानी भर जाने से पता ही नहीं चलता सड़क कहां है और गड्ढा कहां। दोपहिया, ऑटो, बसें और एम्बुलेंस भी जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह कार्य लोक निर्माण विभाग के अधीन है, फिर भी जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे। पर्यटन सीजन में हजारों श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में यह बदहाल सड़क बाहर से आने वाले पर्यटकों के सामने अमरकंटक की नकारात्मक तस्वीर पेश कर रही है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा गड्ढों की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
