*जल संसाधन संभाग कोटा जल है तो कल है जागरूकता अभियान*

*बिलासपुर कोटा ग्लोबल न्यूज ब्यूरो की रिपोर्ट*
*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जन सेवा संकल्प का शुभारंभ*

*जल संसाधन संभाग कोटा अरपा भैंसाझार बैराज एवं घोंघा जलाशय में प्रज्वलित हुआ आशीर्वाद का दीया 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान*
बिलासपुर / कोटा, 17 सितंबर 2026
जल संरक्षण और जल संचय के प्रति जन-जागरूकता को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग कोटा, जिला बिलासपुर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जन सेवा संकल्प महाभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। यह एक माह तक चलने वाला सघन अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले के चार प्रमुख विकासखंडों कोटा, तखतपुर, बिल्हा और मस्तूरी में संचालित होगा।
पहले दिन सैकड़ों दीयों से जगमगाए जलाशय
अभियान के प्रथम दिवस की शुरुआत अत्यंत प्रेरणादायी रही
17 सितंबर की शाम 6:30 बजे कोटा विकासखंड के घोंघा मध्यम जलाशय एवं जल संसाधन संभाग कोटा परिसर में तथा शाम 7:00 बजे अरपा भैसाझार बैराज में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अमले की उपस्थिति में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित कर अभियान का श्रीगणेश किया गया। परिसर में सैकड़ों दीयों की रोशनी ने जल संरक्षण के संकल्प को और भी पवित्र बना दिया।
इस दौरान जल संरक्षण पर जागरूकता गोष्ठी, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा बांध सुरक्षा का तकनीकी निरीक्षण भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभाग ने जल है तो कल है जल बचाओ, जीवन बचाओ का संदेश दिया।
*एक माह तक चलेगा जन-जागरूकता का महाभियान*
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि यह केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जल धरोहरों को बचाने का भगीरथ प्रयास है। आगामी 30 दिनों में जिले के प्रमुख जलाशयों, एनीकटों एवं बैराजों जैसे अरपा भैसाझार बैराज, फुलवारी जलाशय, घोंघा जलाशय सहित अन्य स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
*अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ*
1 जागरूकता एवं स्वच्छता
जलाशयों एवं नदी घाटों के आस-पास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। युवाओं और महिलाओं की सहभागिता से सेवा ज्योति यात्रा तथा जल संरक्षण रैलियाँ निकाली जाएंगी।
2 जन संवाद एवं सुरक्षा
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की जांच, ग्राम जल सुरक्षा संवाद, जन चौपाल का आयोजन होगा। ग्रामीणों को बांधों की सुरक्षा, जल का अपव्यय रोकने और वर्षा जल संचयन के गुर सिखाए जाएंगे।
यह संपूर्ण आयोजन जल संसाधन विभाग द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE)एवं संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के समन्वय से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किया जा रहा है।
*17 अक्टूबर को सेवा सम्मान समारोह के साथ समापन*
इस वृहद जल-जागरूकता अभियान का विधिवत समापन 17 अक्टूबर 2026 को कार्यालय कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग, कोटा परिसर में सेवा सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें अभियान में उत्कृष्ट सहयोग करने वाले नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।
जल संसाधन संभाग कोटा ने जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों और मीडिया बंधुओं से अपील की है कि जल धरोहरों को सहेजने के इस प्रयास में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।




