
*भूमिपूजन समारोह की तैयारियां पूर्ण नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी ने किया स्थल निरीक्षण*
भाटापारा ग्लोबल न्यूज जुगल किशोर तिवारी की रिपोर्ट

*भाटापारा को मिलेगी विकास की नई सौगात*
*लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह की तैयारियां पूर्ण, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने किया स्थल निरीक्षण*
भाटापारा 15 जून/ भाटापारा नगर के विकास, सांस्कृतिक उन्नयन एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। नगर पालिका परिषद भाटापारा द्वारा 16 जून को नवनिर्मित ऑडिटोरियम, छत्तीसगढ़ महतारी चौक एवं शहीद श्रीकृष्ण गजानंद खोण्डे परिसर के लोकार्पण तथा विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने हेतु नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं, आगंतुकों के बैठने एवं आवागमन की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए उन्होंने कहा कि नगरवासियों के लिए यह कार्यक्रम केवल लोकार्पण एवं भूमिपूजन का अवसर नहीं, बल्कि भाटापारा के विकास, सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार का ऐतिहासिक क्षण है। नगर पालिका द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि समारोह में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था प्राप्त हो।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े भाजपा जिलाध्यक्ष माननीय आनंद यादव पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता भाजपा प्रमोद शर्मा तथा जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी नवनिर्मित ऑडिटोरियम क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक आधुनिक मंच उपलब्ध कराएगा तथा विभिन्न कार्यक्रमों, संगोष्ठियों एवं आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं छत्तीसगढ़ महतारी चौक प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, लोक परंपराओं एवं छत्तीसगढ़ी अस्मिता का प्रतीक बनकर नगर की पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा इसके साथ ही शहीद श्रीकृष्ण गजानंद खोण्डे परिसर राष्ट्रसेवा, त्याग, साहस एवं बलिदान की प्रेरणा को जनमानस तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण स्मृति स्थल बनेगा। यह परिसर आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देने का कार्य करेगा नगर पालिका परिषद भाटापारा की अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें तथा नगर के विकास के इस गौरवपूर्ण पर्व में सहभागी बनें
अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का वक्तव्य
भाटापारा नगर निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नवनिर्मित ऑडिटोरियम, छत्तीसगढ़ महतारी चौक एवं शहीद श्रीकृष्ण गजानंद खोण्डे परिसर जैसे महत्वपूर्ण कार्य नगर की पहचान को नई दिशा देंगे। यह लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम केवल अधोसंरचना विकास का प्रतीक नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रभक्ति और जनसुविधाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी परिचायक है। मैं समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से आग्रह करती हूं कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर को सफल, भव्य एवं यादगार बनाएं
