*इस बार अमरकंटक में व्यापारियों ने 1100 दीपों से निभाई परंपरा

अमरकंटक ग्लोबल न्यूज श्रवण उपाध्याय की रिपोर्ट



अमरकंटक में इस बार नहीं जले 51 हजार दीप , व्यापारियों ने 1100 दीपों से निभाई परंपरा
पिछले वर्षों में शुरू हुए भव्य देव दीपोत्सव का आयोजन नहीं होने से उठे सवाल
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में देवउठनी एकादशी पर इस वर्ष 51 हजार दीपों से सुसज्जित भव्य देव दीपोत्सव का आयोजन नहीं हुआ । पिछले वर्षों में मां नर्मदा के पावन तट पर हजारों दीप प्रज्वलित कर भव्य महाआरती के साथ मनाए गए इस आयोजन की निरंतरता इस बार टूटती नजर आई । हालांकि धार्मिक परंपरा और श्रद्धा को जीवंत रखने के उद्देश्य से पार्किंग क्षेत्र के व्यापारियों ने अपने स्तर पर रामघाट के उत्तर तट पर 1100 दीप प्रज्वलित कर देव दीपोत्सव मनाया । दीपों की रोशनी से जगमगाते घाट ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया वहीं 51 हजार दीपों के भव्य आयोजन का नहीं होना नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है ।
व्यापारियों की पहल से जगमगाया रामघाट
कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर शाम करीब 7 बजे पार्किंग क्षेत्र के व्यापारी मां नर्मदा के पावन रामघाट के उत्तर तट पर एकत्रित हुए । सभी ने सामूहिक रूप से 1100 दीप प्रज्वलित कर घाट को रोशन किया ।
दीपों की कतारों से सजा रामघाट श्रद्धा , भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया ।
इस अवसर पर मां नर्मदा को पुष्प , बेलपत्र एवं प्रसाद अर्पित कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया । इसके बाद आतिशबाजी के बीच देव दीपोत्सव की खुशियां मनाई गईं । व्यापारियों ने मां नर्मदा से अपने परिवारों में सुख-शांति , आरोग्यता एवं समृद्धि के साथ व्यवसाय में उन्नति की कामना की । सीमित संसाधनों के बावजूद व्यापारियों की सामूहिक पहल ने धार्मिक परंपरा के प्रति उनकी आस्था और समर्पण को प्रदर्शित किया ।
संत मंडल की पहल से शुरू हुआ था 51 हजार दीपों का आयोजन
अमरकंटक में देव दीपोत्सव के भव्य आयोजन की शुरुआत तीन वर्ष पूर्व अमरकंटक संत मंडल की पहल पर हुई थी । इसके बाद अगले वर्ष तत्कालीन कलेक्टर हर्षल पंचोली के कार्यकाल में जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से इस आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया । जिसमें 51 हजार दीप प्रज्वलित करने और मां नर्मदा की भव्य महाआरती की पहल से अमरकंटक की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद जगी थी ।
पिछले वर्ष श्रीरामभद्र पथ गमन न्यास एवं जिला प्रशासन के सहयोग से भव्य देव दीपोत्सव आयोजित किया गया था । हजारों दीपों की रोशनी से नर्मदा तट का दृश्य आकर्षक और मनोहारी बना था । ऐसे आयोजन को प्रतिवर्ष जारी रखने की अपेक्षा की जा रही थी लेकिन इस वर्ष न तो बड़े आयोजन की तैयारियां दिखाई दीं और न ही आयोजन को लेकर कोई सार्वजनिक घोषणा सामने आई ।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने भी उठाए सवाल
देव दीपोत्सव के आयोजन को लेकर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वीरू तंबोली ने भी सवाल उठाए हैं । उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष श्रीरामभद्र पथ गमन न्यास एवं जिला प्रशासन के सहयोग से 51 हजार दीप प्रज्वलित कर मां नर्मदा की भव्य महाआरती आयोजित की गई थी । ऐसे में इस वर्ष यह आयोजन क्यों नहीं हुआ इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए ।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अमरकंटक की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं केवल प्रचार और पोस्टरों तक ही सीमित रह गई हैं? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलन के आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने संबंधित आयोजकों से इस वर्ष देव दीपोत्सव आयोजित नहीं किए जाने का जवाब मांगा ।
स्थानीय सहभागिता ने कायम रखी परंपरा , बड़े आयोजन की निरंतरता पर सवाल
पार्किंग क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा 1100 दीप प्रज्वलित कर किया गया आयोजन स्थानीय आस्था , आपसी एकता और सामूहिक सहभागिता का उदाहरण बना । व्यापारियों ने अपने स्तर पर पहल कर यह संदेश दिया कि मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के लिए जनभागीदारी महत्वपूर्ण है ।
हालांकि पिछले वर्षों में 51 हजार दीपों के साथ शुरू हुए भव्य आयोजन का इस वर्ष नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है । अमरकंटक जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर देव दीपोत्सव न केवल आस्था का पर्व है बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन भी है । अब नगरवासियों , संत के बीच यह चर्चा है कि ऐसे भव्य आयोजनों को नियमित परंपरा के रूप में जारी रखने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा और आने वाले वर्षों में देव दीपोत्सव को पुनः भव्य स्वरूप दिया जाएगा या नहीं ।
