*36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद महिलाओं ने डूबते और उगते सूर्य को दिया अर्घ्य*

कोटा ग्लोबल न्यूज नारायण यादव की रिपोर्ट

आस्था का पर्व कोटा के कोटसागर तालाब पर छठी मैया की पूजा बड़े धूमधाम से, 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद महिलाओं ने डूबते और उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
खरना की पूजा से शुरू हुआ महापर्व, घाट पर उमड़ा जनसैलाब, दीपों से जगमगाया कोटसागर
लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा इस बार कोटा नगर के ऐतिहासिक कोटसागर तालाब पर देखते ही बनी। छठी मैया की पूजा बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने मिलकर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद भगवान श्री सूर्य नारायण को अर्घ्य देकर पर्व को पूर्ण किया।
खरना से हुई महापर्व की शुरुआत
छठ महापर्व की शुरुआत खरना की पूजा से हुई। व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर, ठेकुआ और फलों से खरना का प्रसाद बनाया। घर-घर में खरना की पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया गया, जिसमें व्रती बिना अन्न-जल के छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना करती हैं।
डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य
खरना के दूसरे दिन शाम को कोटसागर तालाब का घाट श्रद्धालुओं से भर गया। महिलाओं ने सिर पर डलिया, सूप में ठेकुआ, गन्ना, केला, नारियल, सेब, सिंघाड़ा और पूजन सामग्री सजाकर घाट पर पहुंचीं। बच्चों और पुरुषों ने भी व्रतियों का साथ दिया।
तालाब के जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। सूर्यास्त के समय पूरा वातावरण “जय छठी मैया” और छठ के पारंपरिक गीतों से गूंज उठा। तालाब में जलाए गए दीपों की रोशनी से कोटसागर जगमगा उठा।
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ हुआ समापन
अगली सुबह ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालु फिर घाट पर पहुंच गए। 36 घंटे का कठिन व्रत पूर्ण कर व्रती महिलाओं ने उगते हुए सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद प्रसाद वितरण और पारण के साथ महापर्व का समापन हुआ।
इस दौरान कई महिलाओं की आंखों में श्रद्धा के आंसू थे। उन्होंने अपने परिवार, बच्चों की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु और नगर के कल्याण की कामना की।
आस्था, अनुशासन और एकता का प्रतीक बना कोटसागर
कोटसागर तालाब पर इस बार छठ पर्व में सभी वर्गों के लोग एक साथ नजर आए। नगर पालिका द्वारा घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की गई थी। नगर पालिका अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी घाट पर उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
बच्चों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। छोटे-छोटे बच्चे भी माता-पिता के साथ घाट पर पूजा में शामिल हुए और दीप जलाए।
36 घंटे का व्रत है आस्था की सबसे बड़ी परीक्षा
छठ व्रत को सबसे कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। 36 घंटे तक बिना अन्न-जल के रहकर सूर्य की उपासना करना केवल शारीरिक तपस्या नहीं, बल्कि मन की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। कोटा की महिलाओं ने इस कठिन व्रत को पूरी निष्ठा और नियम के साथ पूर्ण कर एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आस्था के आगे हर कठिनाई छोटी पड़ जाती है। उपरोक्त बातें समाजसेवी धनंजय शर्मा ने बताई

कोटा नगर पालिका अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू के साथ महिलाएं