*देवउठनी एकादशी पर महिलाओं ने रखा व्रत*

अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
देवउठनी एकादशी पर महिलाओं ने रखा व्रत , तुलसी माता की पूजा-अर्चना कर जलाए दीप
अमरकंटक में समुद्री तूफान अकवन’ का असर रुक-रुककर हो रही बारिश
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक सहित देशभर में देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा , भक्ति एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया । इस अवसर पर महिलाओं , पुरुषों ने व्रत रखकर विधि-विधानपूर्वक तुलसी माता की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि , आरोग्यता एवं खुशहाली की कामना की ।
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व माना जाता है । मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह की योगनिद्रा में गए भगवान विष्णु कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन जागृत होते हैं । इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है । देवउठनी एकादशी को देवोत्थान एवं प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है । इस दिन भगवान विष्णु एवं माता तुलसी की पूजा-अर्चना करने से पुण्य फल प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है ।
देवउठनी एकादशी पर घरों में तुलसी चौरा एवं आंगन को सजाकर दीप प्रज्ज्वलित किए गए । महिलाओं ने तुलसी माता को लाल वस्त्र एवं चुनरी ओढ़ाकर पूजन किया । घरों के द्वार , आंगन , कुएं एवं बावड़ियों के समीप दीप जलाकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया ।
पूजा-अर्चना एवं आरती के पश्चात महिलाओं ने अपना व्रत खोला । कई घरों में तुलसी विवाह की परंपरा के तहत धार्मिक आयोजन भी किए गए ।
वहीं अमरकंटक क्षेत्र में समुद्री तूफान ‘अकवन’ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है । दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही , जिससे मौसम ठंडा हो गया है । बारिश के चलते नगर के जनजीवन एवं आवागमन पर भी प्रभाव देखने को मिला । देवउठनी एकादशी के धार्मिक उत्साह के बीच मौसम के बदले मिजाज ने ठंड का एहसास बढ़ा दिया है ।

