
*गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
अमरकंटक के शांति कुटी आश्रम में श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित शांति कुटी आश्रम में बुधवार से श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव संवत 2083 (ई. सन् 2026) का शुभारंभ श्रद्धा , भक्ति और उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ ।
अनंतश्री विभूषित महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी श्री रामभूषण दास जी महाराज की पावन सन्निधि में आयोजित यह महोत्सव 22 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक संपन्न होगा ।
गुरुपूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत 22 जुलाई से 28 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है । कथा व्यास पूज्य आचार्य श्री श्याम जी महाराज (मुंबई) प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 7 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे । इस पुण्य आयोजन के प्रमुख यजमान श्रीमती सरोज / रमेश पोद्दार मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़) हैं ।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बुधवार प्रातः लगभग 11 बजे शांति कुटी आश्रम से मां नर्मदा उद्गम मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई । जिसमें बैंड-बाजों , धार्मिक धुनों , भजन-कीर्तन एवं जयघोषों के बीच निकली । इस शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया । श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचे ।
नर्मदा उद्गम मंदिर में पंडित उमेश द्विवेदी एवं पंडित रूपेश द्विवेदी द्वारा श्रीमद्भागवत पुराण का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया । इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने कलशों में मां नर्मदा का पवित्र जल भरकर पूजा-अर्चना की तथा मंदिर की परिक्रमा कर पुनः कथा स्थल शांति कुटी आश्रम पहुंचे । इस बीच बारिश भी अपने शबाब में रही लेकिन भक्ति के आगे किसी को डिगा न सकी । लोग बारिश में भीगते रहे और आगे बढ़ते रहे । आश्रम में पहुंच कर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य कलश स्थापना कर श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया ।
कलश यात्रा एवं उद्घाटन समारोह में सत्तू शर्मा , कैलाशचंद पाटीदार , टीकम राठौड़ , केशव पारीक (इंदौर) , पंडित दिनेश शुक्ला , प्रतीक शुक्ला (बिलासपुर) , ओमप्रकाश अग्रवाल , नितिन अग्रवाल , मोनू द्विवेदी (अमरकंटक) , विमल त्रिवेदी (उ प्र) , रामानुज दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु , संतजन एवं नगरवासी उपस्थित रहे ।
महोत्सव के प्रथम दिवस से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह , आस्था और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिल रहा है । शांति कुटी आश्रम परिसर भक्तिमय माहौल, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान है । आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कथा श्रवण एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सहभागिता कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है ।


