
*सेवानिवृत्ति के साथ मिला सम्मान और अधिकार नगर पालिका ने उसी दिन सौंपा ₹3 लाख का चेक*

भाटापारा ग्लोबल न्यूज जुगल किशोर तिवारी की रिपोर्ट
*भाटापारा नगर पालिका की कर्मचारी हितैषी पहल, श्रमिक स्वास्थ्य विभाग की रानी बाई राठौर का गरिमामय विदाई समारोह*
भाटापारा 2 जुलाई/नगर पालिका परिषद भाटापारा ने कर्मचारी हितों के प्रति अपनी संवेदनशील एवं उत्तरदायी कार्यशैली का परिचय देते हुए स्वास्थ्य विभाग की सेवानिवृत्त कर्मचारी रानी बाई राठौर को विदाई समारोह के दौरान ही ₹3 लाख की अवकाश नकदीकरण राशि का चेक सौंपकर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सेवानिवृत्ति के साथ ही देय राशि का तत्काल भुगतान होने पर कर्मचारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका प्रशासन की इस पहल की सराहना की अपने संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि नगर पालिका की वास्तविक शक्ति उसके कर्मचारी हैं, जो हर परिस्थिति में नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि रानी बाई राठौर ने अपने लंबे सेवाकाल में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से शहर की स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है
उन्होंने कहा सेवानिवृत्ति किसी कर्मचारी के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। ऐसे समय में उसे सम्मान के साथ-साथ उसके वैधानिक अधिकार समय पर मिलना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ आज रानी बाई राठौर को सेवानिवृत्ति के अवसर पर ही ₹3 लाख की अवकाश नकदीकरण राशि का तत्काल भुगतान किया गया है, ताकि उन्हें अपने अधिकार की राशि के लिए किसी प्रकार की प्रतीक्षा न करनी पड़े। नगर पालिका परिषद कर्मचारियों के हितों की रक्षा और समयबद्ध भुगतान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है
मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव ने कहा कि कर्मचारियों का समर्पण ही किसी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी होता है। उन्होंने रानी बाई राठौर के सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ दीं भावनात्मक वातावरण में आयोजित इस समारोह में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रानी बाई राठौर को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगर पालिका परिषद की इस कर्मचारी हितैषी पहल को उपस्थित लोगों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि समय पर देयकों का भुगतान कर्मचारियों के सम्मान और विश्वास को और अधिक मजबूत करता है नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव, सभापति संतीश तलरेजा मनीष मिश्रा, पार्षद भुवन सिंह ठाकुर, नंदकिशोर वैष्णव, संतीश साहू,श्रेणिक गोलछा, सभापति प्रतिनिधि देवेंद्र साहू,दशरथ साहू, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने रानी बाई राठौर का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया तथा उनके वर्षों के समर्पित सेवाकाल की सराहना की