
*अमरकंटक मंडलम कांग्रेस की वार्ड कमेटी बैठक संपन्न*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
संगठन विस्तार एवं जनहित के मुद्दों पर हुई व्यापक चर्चा,क्षेत्रीय विधायक रहे उपस्थित
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत अमरकंटक मंडलम कांग्रेस द्वारा वार्ड कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । बैठक का संचालन मंडलम अध्यक्ष श्यामलाल सेन ने की । इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने , आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई ।
बैठक को संबोधित करते हुए पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए संघर्ष करते हैं । उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वार्ड एवं बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम है ।
पुष्पराजगढ़ विधानसभा प्रभारी पंडित जानकी मिश्र ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए वार्ड स्तर पर नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने की आवश्यकता बताई । वहीं आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष सिंह मार्को ने आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया ।
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता , अनुशासन और सतत जनसंपर्क पर निर्भर करती है । उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आग्रह किया ।
बैठक में संगठन विस्तार , सदस्यता अभियान , बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वार्ड कमेटियों को सक्रिय करने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया ।
रविवार को आयोजित यह बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह उइके सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी , कार्यकर्ता एवं वार्ड प्रतिनिधि उपस्थित रहे । सभी ने संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प को व्यक्त किया गया ।

