कटघोरा/कोरबा ग्लोबल न्यूजग्लोबल ब्रेकिंग न्यूज़छत्तीसगढ़संपादक हरीश चौबेसबसे पहले सबसे आगे न्यूज

*शरीर नश्वर है सेवा अमर है  कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार विनोद जायसवाल ने देहदान कर रचा इतिहास*

कोरबा ग्लोबल न्यूज ब्यूरो की रिपोर्ट

*मृत्यु के बाद भी जीवित रहेगी मानवता की सेवा विनोद जायसवाल ने किया देहदान का संकल्प बोले – मेरा शरीर चिकित्सा के विद्यार्थियों के लिए एक पुस्तक और ग्रंथ की तरह बने जिससे आने वाली पीढ़ियां सीख सकें*

*कटघोरा/कोरबा ग्लोबल न्यूज*मनुष्य जीवन भर धन, संपत्ति, मान-सम्मान और भौतिक सुखों की दौड़ में उलझा रहता है। मोह-माया, काम, क्रोध, लोभ और अहंकार के बंधनों में बंधा मनुष्य अक्सर यह विस्मृत कर देता है कि एक दिन यह काया मिट्टी में मिल जानी है। किंतु यदि यही नश्वर काया मृत्यु के उपरांत भी किसी के भविष्य को संवारने, चिकित्सा विज्ञान को गति देने और मानवता की सेवा का साधन बन जाए, तो इससे बड़ा पुण्य और इससे बड़ा सामाजिक यज्ञ और क्या हो सकता है।

इसी दिव्य भावना मानवीय करुणा और परोपकार की पावन ज्योति को हृदय में धारण कर कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विनोद जायसवाल ने एक अनुकरणीय, ऐतिहासिक संकल्प लिया है। उन्होंने 25 नवंबर 2026 को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा के शरीर रचना विज्ञान विभाग (एनाटॉमी विभाग) में पहुंचकर स्वैच्छिक देहदान के घोषणा पत्र की समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कीं और मृत्यु के पश्चात अपना पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु समर्पित करने की घोषणा की।

*मेरा शरीर एक ग्रंथ बने*

विनोद जायसवाल कहते हैं, जीवनभर समाज के लिए कुछ करने का प्रयत्न किया है, अब अभिलाषा है कि मृत्यु के बाद भी यह देह मानवता के किसी काम आ सके। यह निर्णय केवल देहदान की घोषणा नहीं, अपितु जीवन के अंतिम अध्याय को भी मानव सेवा के नाम समर्पित करने की भावनात्मक अभिव्यक्ति है।

उन्होंने भावुक स्वर में कहा, मेरी हृदय की इच्छा है कि मृत्यु के बाद मेरा शरीर मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक पुस्तक, एक ग्रंथ की तरह बने। जिस प्रकार विद्यार्थी पुस्तकों से ज्ञान अर्जित करते हैं, उसी प्रकार वे मेरे शरीर के माध्यम से मानव शरीर की संरचना को समझें, चिकित्सा विज्ञान का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करें और भविष्य में जरूरतमंद मरीजों का बेहतर उपचार कर सकें।

मैं चाहता हूं कि मेरे जाने के बाद भी मेरा शरीर किसी विद्यार्थी की शिक्षा और किसी मरीज की जिंदगी बचाने की उम्मीद का दीप बने। यदि मेरे इस निर्णय से भविष्य में तैयार होने वाला कोई चिकित्सक किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सफल होता है, तो यही मेरे जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता होगी।

*30 वर्षों की पत्रकारिता: कलम के साथ जमीन पर भी संघर्ष*

विनोद का सामाजिक जीवन केवल पत्रकारिता और समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं रहा। लगभग 30 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और शासन-प्रशासन की जवाबदेही को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ जरूरतमंद और वंचित समुदायों के बीच पहुंचकर प्रत्यक्ष रूप से सामाजिक बदलाव लाने का प्रयास किया।

विशेष रूप से कोरबा जिले के दुर्गम पहाड़ी एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में निवासरत पहाड़ी कोरवा, बिरहोर और पंडो जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के बीच उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, शराबबंदी, बाल विवाह रोकथाम, महिला सशक्तिकरण, अंधविश्वास एवं टोनही प्रताड़ना के विरुद्ध जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जल-जंगल-जमीन और जैविक खेती जैसे विषयों पर लगातार जनजागरण अभियान चलाए।

*15 वर्षों से शराबमुक्त है तेंदूटिकरा*

उनके सामाजिक प्रयासों का एक उल्लेखनीय उदाहरण ग्राम पंचायत जलेके के तेंदूटिकरा में देखने को मिलता है, जहां पंडो जनजाति के परिवारों ने पिछले लगभग 15 वर्षों से शराब से दूरी बनाए रखने का संकल्प कायम रखा है। यह बदलाव किसी एक दिन में नहीं आया, बल्कि लगातार बैठकों, संवाद, समझाइश और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से लोगों को शराब के दुष्परिणाम समझाने का परिणाम रहा है।

इसी तरह पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत गुडरुमुड़ा में बिरहोर जनजाति के लोगों को भी शराब का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाकर नशामुक्त समाज की दिशा में प्रेरित किया गया।

*मदनपुर में मटका फोड़ अभियान*

कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम मदनपुर में महिला स्वसहायता समूहों के सहयोग से शराबबंदी को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने पूरे गांव में नारे लगाकर घर-घर संपर्क किया तथा आपसी सहमति से मटका फोड़ अभियान चलाया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं एकजुट होकर किसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध खड़ी होती हैं, तो गांव में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

*पंडोपारा में श्रमदान से रास्ता और आंगनबाड़ी*

ग्राम पंचायत मानिकपुर के तीनधारा क्षेत्र स्थित पंडोपारा में भी सामाजिक जागरूकता के साथ श्रमदान आधारित पहल की गई। यहां निवासरत पंडो परिवारों को शराब से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ ग्रामीणों के सहयोग से रास्ते का निर्माण कराया गया। इसके अलावा श्रमदान और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से आंगनबाड़ी संचालन की दिशा में भी प्रयास किए गए, ताकि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक बुनियादी सुविधाओं का लाभ पहुंच सके।

*फाउंडेशन के माध्यम से निरंतर जनहित*

विनोद  के नेतृत्व में संचालित मतदाता जन चेतना मीडिया फाउंडेशन छत्तीसगढ़ भी विभिन्न जनहित कार्यों में सक्रिय रहा है। फाउंडेशन के माध्यम से गौसेवा एवं गौवंश संरक्षण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता अभियान, नेत्रदान जागरूकता एवं शिविर, जरूरतमंदों को चश्मा वितरण, शीतकाल में कंबल वितरण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, मतदाता जागरूकता और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने जैसे कार्य किए जाते रहे हैं।
पत्रकारिता की वास्तविक सार्थकता केवल खबर प्रकाशित करने में नहीं, बल्कि समाज की पीड़ा को समझने, जरूरतमंदों की आवाज बनने और सकारात्मक बदलाव के लिए स्वयं भी जमीन पर उतरकर प्रयास करने में है।

*समाज के नाम संदेश देहदान पर खुलकर हो चर्चा*

जायसवाल ने अपने देहदान के निर्णय को सार्वजनिक करने के पीछे भी एक विशेष उद्देश्य बताया। उनका कहना है कि उन्होंने यह पहल केवल अपनी व्यक्तिगत इच्छा की पूर्ति के लिए नहीं की है, बल्कि चाहते हैं कि देश के अधिक से अधिक नागरिक देहदान के महत्व को समझें और इस विषय पर समाज में सकारात्मक चर्चा शुरू हो।

उन्होंने कहा, मृत्यु जीवन का अंतिम सत्य है, लेकिन मृत्यु के बाद भी किसी के काम आना मनुष्य के जीवन को एक अलग अर्थ दे सकता है। देहदान चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने का माध्यम है। समाज में इसके प्रति व्याप्त भ्रांतियों और संकोच को दूर करने की आवश्यकता है।

*जीवन का अंतिम अध्याय भी मानवता के नाम*

आज के दौर में जहां लोग अपने जीवनकाल में नाम, पहचान और उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रयासरत रहते हैं, वहीं विनोद जायसवाल का यह संकल्प समाज को एक अलग दृष्टिकोण देता है।

लगभग तीन दशकों तक पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को आवाज देना, दुर्गम आदिवासी अंचलों में जाकर सामाजिक जागरूकता के प्रयास करना, नशामुक्ति और शराबबंदी जैसे अभियानों में समुदायों को जोड़ना और अब मृत्यु के बाद अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित करने का निर्णय लेना, उनके जीवन में मानव सेवा की निरंतरता को दर्शाता है।

उनका मानना है कि इंसान की असली पहचान केवल इस बात से नहीं होनी चाहिए कि उसने जीवन में कितना कमाया, बल्कि इस बात से भी होनी चाहिए कि उसके जाने के बाद समाज को उससे क्या मिला।

शरीर नश्वर है, लेकिन उससे मिलने वाला ज्ञान, शिक्षा और परोपकार आने वाली पीढ़ियों तक अपना प्रभाव छोड़ सकता है। शायद यही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है – इंसान दुनिया से विदा हो जाए, लेकिन उसके जाने के बाद भी उसके कर्म मानवता के काम आते रहें।


 

Latest
*अमरकंटक में कराया 108 कन्याओं का पूजन , कन्या भोज कर बांटी स्कूली सामग्री* *शरीर नश्वर है सेवा अमर है  कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार विनोद जायसवाल ने देहदान कर रचा इतिहास* *पुलिस एवं नगर सेना में हुआ चयन शिवरतन शर्मा ने दी बधाई* *मुंबई आतंकी हमला मे शहादत को किया गया नमन* *भाटापारा विधानसभा को मिली 47 करोड़ 90 लाख की बड़ी सौगात* *रतनपुर में 20वां राउत नाच महोत्सव स्थगित शोक में डूबा यादव समाज* *10 जनवरी 2027 कलचुरी कलार समाज रतनपुर में मिलेगा आपके बेटे-बेटी के लिए योग्य रिश्ता* *डिप्टी सीएम अरुण साव का कलचुरी समाज ने किया स्वागत* *आस्था की भव्य अभिव्यक्ति बनी चुनरी महोत्सव* *प्रकाश पर्व एवं गौरी-गौरा पूजा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि*