*शीतला मंदिर में कन्या पूजन में पहुंचे तोखन साहू*

बिल्हा ग्लोबल न्यूज रामबिलास शर्मा की रिपोर्ट समाचार में विज्ञापन के लिए संपर्क करें मोबाइल नंबर+ 91314 86054
*बिल्हा शीतला मंदिर में महानवमी पर भव्य कन्या पूजन, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, धरमलाल कौशिक और भूपेंद्र सवन्नी रहे मौजूद*
बिल्हा– बिल्हा के प्रसिद्ध शीतला मंदिर में शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू, बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक तथा छत्तीसगढ़ क्रेडा के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी विशेष रूप से शामिल हुए।
तीनों अतिथियों ने मंदिर में विधि-विधान से मां शीतला की पूजा-अर्चना की और नौ कुंवारी कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। पूजन के दौरान मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।
*अतिथियों ने दी शुभकामनाएं*
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा, “नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है। कन्या पूजन हमारी सनातन संस्कृति का गौरव है, जो नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। मैं मां शीतला से सभी क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करता हूं।”
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, “बिल्हा की यह धार्मिक परंपरा वर्षों से चली आ रही है। ऐसे आयोजनों से हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को बल मिलता है। सभी को महानवमी और विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं।”
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने भी सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां के आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास और शांति बनी रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, गोरखनाथ अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, विजय बंसल, नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना झेंडे, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, नारायण शर्मा, मोहन धोरिया, कोमल सिंह सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
