
*भाटापारा में यातायात व्यवस्था समस्याग्रस्त, सरयू साहित्य परिषद ने सौंपा ज्ञापन*

भाटापारा ग्लोबल न्यूज जुगल किशोर तिवारी की रिपोर्ट
*भाटापारा, 5 जुलाई।* शहर की यातायात व्यवस्था से आमजन परेशान है। अव्यवस्थित ट्रैफिक, बेतरतीब वाहन पार्किंग और हाई स्पीड बाइक चालन के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर रोज जाम और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इसी को लेकर नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद ने शनिवार को यातायात थाना प्रभारी नरेश कांगे को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की।
*प्रमुख बाजार और मार्गों पर अव्यवस्था*
ज्ञापन में कहा गया कि यातायात व्यवस्था से ही शहर की समूची व्यवस्था प्रभावित होती है। भाटापारा में हटरी बाजार और सदर बाजार क्षेत्र में भीड़भाड़ और वाहनों के बेतरतीब जमावड़े के कारण रोज अव्यवस्था की स्थिति बनती है। इसके अलावा रेस्ट हाउस से नाका नंबर एक तक का गौरवपथ मार्ग, जहां स्कूल, अस्पताल और कार्यालय स्थित हैं, वहां भी ट्रैफिक अव्यवस्थित नजर आता है।
परिषद ने यह भी बताया कि हाई स्पीड बाइक चालन और प्रेशर हार्न की समस्या बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना का जोखिम और बढ़ गया है।
*यातायात थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन*
ज्ञापन देने वालों में मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, डॉ. वाई.पी. सोनी, गिरधर गोपाल शर्मा, मोनू, मानिक प्रसाद दुबे, दुष्यंत तिवारी सहित परिषद के सदस्य मौजूद थे।
यातायात थाना प्रभारी नरेश कांगे ने परिषद की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में व्यवस्था सुधारने के लिए जल्द ही व्यापारियों की बैठक बुलाई जाएगी और बाजार के लिए नए निर्देश तय किए जाएंगे। हाई स्पीड बाइक और प्रेशर हार्न पर लगातार कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि “त्रिनयन ऐप” भी संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आमजन यातायात संबंधी अव्यवस्था की शिकायत सीधे दे सकते हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सरयू साहित्य परिषद की जागरूकता पहल की सराहना भी की।
