*शक्ति का रथ नर्मदा का जल महामेरू मंदिर से निकली माँ की सवारी*

*श्री यंत्र महामेरू मंदिर से निकली माँ भगवती की भव्य शोभायात्रा, नर्मदा उद्गम में भरे कलश*
अमरकंटक पवित्र नगरी अमरकंटक में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। शुक्रवार को सोनमुड़ा रोड स्थित श्री यंत्र महामेरू मंदिर आश्रम से माँ भगवती की भव्य रथ शोभायात्रा निकाली गई।
ढोल-नगाड़े, गुदुम की थाप और भक्ति गीतों के बीच माँ भगवती रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकलीं। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
यात्रा श्री यंत्र महामेरू मंदिर से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से होते हुए माँ नर्मदा के पावन उद्गम स्थल पहुंची। यहाँ विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया और कलशों में नर्मदा जल भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए आश्रम लौटी।
श्रीमहंत स्वामी शरदपुरी जी महाराज स्वयं शोभायात्रा के साथ मौजूद रहे।
*26 अक्टूबर तक होगी महाशक्ति की आराधना*
23 से 26 अक्टूबर तक आश्रम में चार दिवसीय विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। दक्षिण भारत की श्रीविद्या परम्परा के प्रमुख पी.टी. बाल चंद्र आचार्य जी महाराज के सानिध्य में दक्षिण भारत से आए 25 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा माँ भगवती की शक्ति आराधना, पूजन, हवन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इसमें अमरकंटक नर्मदा मंदिर के पुजारी परिवार भी शामिल होंगे।
पूरे आयोजन की कमान श्रीमहंत स्वामी शरदपुरी जी महाराज संभाल रहे हैं। आश्रम में बाहर से आने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।
चार दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार और हवन से अमरकंटक की आध्यात्मिक पहचान और भी सशक्त होगी।


