*अमरकंटक के गीता स्वाध्याय मंदिर का 25वां निर्माण महोत्सव सम्पन्न*

अमरकंटक ग्लोबल न्यूज श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
संत-महात्माओं के सान्निध्य में हुआ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन, विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली / पवित्र , धार्मिक नगरी अमरकंटक स्थित श्री गीता स्वाध्याय मंदिर में परमपूज्य ब्रह्मलीन श्री 108 स्वामी ब्रह्मेन्द्रानंद गिरिजी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित 25वें निर्माण महोत्सव का मंगलवार को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच धार्मिक,आध्यात्मिक , भव्य समापन हुआ ।
4 से 6 अक्टूबर 2026 तक चले इस तीन दिवसीय महोत्सव में संत-महात्माओं के समागम , नाम संकीर्तन , वेद-पाठ , गीता-पाठ और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों ने श्रद्धालुओं को भक्ति एवं आध्यात्मिकता से ओतप्रोत कर दिया ।
आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी ब्रह्मानंद गिरिजी महाराज की स्मृति में आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन श्री नर्मदा नाम संकीर्तन , श्री दादाजी नाम संकीर्तन , वेद पाठ , गीता पाठ , विष्णु सहस्रनाम पाठ तथा संत प्रवचन आयोजित किए गए । कार्यक्रम में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं संतों ने सहभागिता कर सत्संग और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया ।
महोत्सव के अंतिम दिवस प्रातःकाल शांति पाठ , वेद पाठ , गीता पाठ एवं विष्णु सहस्रनाम पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ । इसके पश्चात दादाजी का पूजन , महाआरती , शिव रुद्राभिषेक एवं समाधि पूजन सम्पन्न कराया गया । पूर्वाह्न 11 बजे श्रद्धांजलि सभा एवं संतों के प्रवचन आयोजित हुए , जिसमें संतों ने धर्म , सेवा , साधना और मानव कल्याण पर अपने विचार व्यक्त किए । दोपहर में विशाल संत भोज एवं नगर भंडारे का आयोजन किया गया , जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया ।
गीता स्वाध्याय मंदिर में संतों का विराट समागम हुआ । गीता स्वाध्याय मंदिर के महंत स्वामी नर्मदानंद गिरी जी महाराज ने बताया कि निर्माण महोत्सव के अंतिम दिवस अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही । कार्यक्रम में तपस्वी पूज्य बाबा कल्याण दास जी महाराज , आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी रामकृष्णानंद जी महाराज , श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज , स्वामी शरदपुरी जी महाराज , स्वामी विश्वप्रेमानंद जी महाराज , स्वामी ब्रह्मगिरी जी महाराज , स्वामी लवलीन बाबा जी महाराज तथा ब्रह्मचारी नर्मदानंद जी , संत ओड़िया बाबा सहित अनेक संतों , नर्मदा मंदिर पुजारियों , ब्राह्मणों , गणमान्यजन ने सहभागिता की । उनके सान्निध्य से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा ।
तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के सफल आयोजन पर महंत स्वामी नर्मदानंद गिरी जी महाराज एवं आयोजन समिति ने सभी संतों , श्रद्धालुओं , शिष्यों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया । महोत्सव के समापन अवसर पर पूरे क्षेत्र में धर्म , भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला ।

