*कोटा नगर पालिका में गतिरोध सांसद प्रतिनिधि और एल्डरमैन को हटाने की मांग*

कोटा ग्लोबल न्यूज संपादक हरीश चौबे की कलम से
कोटा नगर पालिका में हंगामा एल्डरमैन पर अभद्रता का आरोप, कर्मचारी हड़ताल पर

*कोटा नगर पालिका*
एल्डरमैन और कर्मचारियों के विवाद से पूरा दिन काम ठप्प, कर्मचारियों ने की सांसद प्रतिनिधि और एल्डरमैन को हटाने की मांग
कोटा ग्लोबल न्यूज कोटा नगर पालिका एक बार फिर सुर्खियों में है। ताजा मामला नवनियुक्त एल्डरमैन और कर्मचारियों के बीच हुए गतिरोध का है। विवाद इतना बढ़ा कि गुरुवार को नगर पालिका के सभी कर्मचारी अपना काम छोड़कर हड़ताल पर बैठ गए। जिससे पूरे दिन नगर पालिका का कामकाज बंद रहा।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व नगर पालिका कर्मचारी दुर्गेश सोनी और नवनियुक्त एल्डरमैन महेंद्र अग्रहरि के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
दूसरे दिन एल्डरमैन महेंद्र अग्रहरि द्वारा अध्यक्ष के चेंबर में दुर्गेश सोनी को बुलाकर कथित रूप से अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की गई। इससे नाराज होकर नगर पालिका के सभी कर्मचारी एकजुट होकर धरने पर बैठ गए।
कर्मचारी दुर्गेश सोनी ने आरोप लगाया कि सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश साहू और एल्डरमैन महेंद्र अग्रहरि ने उन्हें अध्यक्ष चेंबर में बुलाकर अमर्यादित ढंग से अपशब्दों का उपयोग किया। जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा पहुंची है।
धरने में बैठे कर्मचारियों ने सांसद प्रतिनिधि और एल्डरमैन को पद से हटाने की मांग की है।
सांसद प्रतिनिधि का पक्ष
• वहीं इस पूरे मामले में सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश साहू से बात की गई तो उन्होंने कर्मचारियों के सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी समय पर ऑफिस नहीं आते और मनमानी करते हैं। कर्मचारियों की उदासीनता के कारण विकास कार्य समय पर नहीं हो पाते, जिससे हमें जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ता है।
नगर सेवा प्रभावित
कर्मचारियों और एल्डरमैन के इस गतिरोध के चलते गुरुवार को नगर पालिका में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स, शिकायत निवारण सहित सभी काम ठप्प रहे। आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन कर्मचारियों की मांग पर क्या कार्रवाई करता है, या कर्मचारी अपना धरना जारी रखते हैं।

