अमरकंटक ग्लोबल न्यूजसंपादक हरीश चौबेसबसे पहले सबसे आगे न्यूज

*अमरकंटक में एसडीएम  ने सुनी दुकानदारों की समस्याएं *

अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट

अमरकंटक में एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने सुनी दुकानदारों की समस्याएं ,

बस स्टैंड की व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वसीम अहमद भट्ट अमरकंटक विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने वैतरणी बस स्टैंड परिसर में आवंटित दुकानदारों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं । इस दौरान दुकानदारों ने बकाया राशि के संबंध में चर्चा करते हुए बस स्टैंड की मूलभूत सुविधाओं और लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं से अवगत कराया ।

दुकानदारों ने बताया कि वैतरणी बस स्टैंड की अधिकांश दुकानें लंबे समय से बंद पड़ी हैं । दुकानों के सामने अवैध रूप से अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं  जिनसे नियमित रूप से नगर परिषद द्वारा बाजार बैठकी शुल्क लिया जाता है । इन अतिक्रमणों के कारण ग्राहकों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और स्थायी दुकानदारों का व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है ।

बैठक में दुकानदारों ने बस स्टैंड परिसर में सड़क , पेयजल , साफ-सफाई एवं सुलभ शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा भी उठाया । उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान बस स्टैंड के आसपास जलभराव और फिसलन की स्थिति बन जाती है जिससे यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है ।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि बंद पड़ी दुकानों और परिसर में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है । शाम होते ही परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है जहां शराबखोरी जैसी गतिविधियां होती हैं । कई स्थानों पर खुले में शौच एवं पेशाब किए जाने तथा आवारा मवेशियों के विचरण से स्थिति और भी बदतर हो गई है । रखरखाव के अभाव में अमरकंटक विकास प्राधिकरण की कई दुकानों के शटर जर्जर हो चुके हैं तथा साथ ही शटर कई जगह से जंग लगने से गल गए हैं ।

समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने अमरकंटक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दुकानदारों की समस्याओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए । साथ ही नगर परिषद अमरकंटक को बस स्टैंड के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने , नियमित साफ-सफाई कराने तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए । उन्होंने स्वयं बस स्टैंड एवं विकास प्राधिकरण की दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश भी दिए ।

दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए  ताकि व्यापारिक गतिविधियां पुनः सुचारु हो सकें और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें ।

Latest