Global news live
अमरकंटक ग्लोबल न्यूजमध्य प्रदेशसंपादक हरीश चौबेसबसे पहले सबसे आगे न्यूज

*विश्व पर्यावरण दिवस पर शंभूधारा में हुआ वृहद पौधरोपण कार्यक्रम*

अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट

अमरकंटक में विश्व पर्यावरण दिवस पर शंभूधारा में हुआ वृहद पौधरोपण कार्यक्रम

पेड़-पौधे मानव जीवन की मूल आवश्यकता, रोपित पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन हमारा दायित्व : कलेक्टर हर्षल पंचोली

अमरकंटक/अनूपपुर – मां नर्मदा की उद्गम स्थली /  पवित्र नगरी अमरकंटक के शंभूधारा क्षेत्र में शुक्रवार 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में जिला प्रशासन , वन विभाग , जनजातीय कार्य विभाग , नगर परिषद , स्व-सहायता समूह की दीदियां , आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधरोपण किया ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि पेड़-पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है । पेड़-पौधे हमें जीवन प्रदान करते हैं इसलिए इनके प्रति सजग और संवेदनशील रहना आवश्यक है । उन्होंने जिलेवासियों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया ।

कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन तथा वनों की अंधाधुंध कटाई गंभीर चिंता का विषय है । असमय बाढ़ , भूस्खलन , सूखा एवं जल संकट जैसी प्राकृतिक आपदाओं में लगातार वृद्धि हो रही है जिसके प्रमुख कारणों में वृक्षों की निरंतर कटाई शामिल है । उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणाम और अधिक गंभीर हो सकते हैं । इस चुनौती से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण और वृक्षों के संरक्षण की आवश्यकता है ।
उन्होंने नदियों और वनों के परस्पर संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नदियों की समृद्धि और निरंतरता के लिए सघन वनों का होना अत्यंत आवश्यक है ।
अमरकंटक से मां नर्मदा  उद्गमित होकर गुजरात की खंभात की खाड़ी तक प्रवाहित होकर करोड़ों लोगों के लिए जीवनदायिनी है । प्राचीन काल से ही नदियां और वन मानव सभ्यता के विकास और संरक्षण के आधार रहे हैं ।

कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा नगर वन सिटी परियोजना के अंतर्गत लगभग 3 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा । उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की ।

इस अवसर पर कर्नल ए.के. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए । वहीं श्री शशिधर अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स को सर्पदंश से बचाव , उपचार तथा वन्यजीवों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की ।

कलेक्टर ने किया बरगद के पौधे का रोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने शंभूधारा तट पर बरगद का पौधा रोपित किया । वहीं वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप ने साल का पौधा लगाया । अमरकंटक नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह एवं पुष्पराजगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री वसीम अहमद भट्ट ने भी पौधरोपण किया ।  उपस्थित अमरकंटक के वन परिक्षेत्राधिकारी व्ही के श्रीवास्तव , नगर पालिका अधिकारी सीएमओ चैन सिंह परस्ते , पत्रकार आदि सभी उपस्थित जनो ने पौध रोपित किया । 
कार्यक्रम के दौरान आम , जामुन , बरगद , पीपल , साल , रुद्राक्ष , अर्जुन तथा गुलबकावली सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया ।

जनप्रतिनिधियों , अधिकारियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया ।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी वन , कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग , डीपीएम एनआरएलएम , जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी , स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Latest news
*बाबा साहेब सेवा संस्था ने दिलाया जरूरत मंद को व्हीलचेयर* *बस किराया व महंगाई में  अत्यधिक वृद्धि से राहत देने सीपीआई ने सौंपा ज्ञापन* *अमरकंटक से प्रारंभ हुआ था 108 दंडवत नर्मदा परिक्रमा * *विश्व पर्यावरण दिवस पर शंभूधारा में हुआ वृहद पौधरोपण कार्यक्रम* *विश्व पर्यावरण दिवस पर  हुआ पौधारोपण* *ग्राम पंचयतकतों की भेंट चढ़ी आंगनबाड़ी योजना  में गुणवत्ता और स्थान पर सवाल* *वृक्ष धरती के श्रृंगार स्वस्थ पर्यावरण के हैं आधार* *अमरकंटक में ऑल इंडिया ट्रेक कैंप 2026 का सफल आयोजन* *10 युवाओं ने थामा भाजपा का दामन शिवरतन शर्मा ने दिलाई सदस्यता*  *पुलिस की बड़ी कार्रवाई वर्षों से फरार तीन वारंटी गिरफ्तार*