
*अमरकंटक के नारायण आश्रम से सफेद चंदन का पेड़ चोरी*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
क्षेत्र में भय का वातावरण व्याप्त
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में एक गंभीर चोरी की घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है । अमरकंटक के वार्ड क्रमांक 14 माई की बगिया रोड से लगे पुराने नारायण आश्रम परिसर से अज्ञात चोरों ने सफेद चंदन का एक पेड़ काटकर चोरी कर लिया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 29–30 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात लगभग 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है । नारायण आश्रम निवासी महंत प्रीतम गिरि द्वारा थाना अमरकंटक में दिए गए लिखित शिकायत पत्र में बताया गया है कि आश्रम परिसर की बाड़ी में लगा लगभग 11–12 वर्ष पुराना सफेद चंदन का पेड़ चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से काटकर पार कर दिया ।
बताया गया कि चोरों ने पहले बाड़ी की फेंसिंग तार को काटा और उसके बाद आरी मशीन की मदद से पेड़ को जड़ के पास से काटकर अपने साथ ले गए । घटना के समय आसपास किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी । उल्लेखनीय है कि आश्रम के समीप उस समय एक मेले (कार्यक्रम) जैसा आयोजन चल रहा था जिससे क्षेत्र में भीड़-भाड़ रही और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया ।
महंत प्रीतम गिरि महाराज ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है । साथ ही उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की अपील भी की है ।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है । उल्लेखनीय है कि अमरकंटक में इससे पूर्व भी अनेक जगह चंदन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं । वर्षों पहले वन विद्यालय परिसर अमरकंटक , डाकघर क्षेत्र अमरकंटक एवं शासकीय उद्यान अमरकंटक से भी चंदन के पेड़ काटकर चोरों ने चोरी किए जाने के मामले सामने आए आ चुके है । यह इस तरह की चौथी घटना मानी जा रही है जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
पवित्र नगरी अमरकंटक में देशभर से पर्यटक एवं श्रद्धालु निरंतर पहुंचते हैं । ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देती हैं बल्कि क्षेत्र की धार्मिक गरिमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं । स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र खुलासा करने और सख्त कदम उठाने की मांग की है ।

