
*5 एकड़ वनभूमि पर अवैध कटाई, विभागीय कार्रवाई पर उठे सवाल*
**ग्लोबल न्यूज रिपोर्टर ओमप्रकाश नाग कोण्डागांव से*
*कोटवार तालाब के पीछे 5 एकड़ वनभूमि पर अवैध कटाई, विभागीय कार्रवाई पर उठे सवाल*
दक्षिण कोंडागांव वनमण्डल के अंतर्गत परिक्षेत्र अमरावती क्षेत्र में वनभूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कोटवार तालाब के पीछे स्थित लगभग 5 एकड़ वन क्षेत्र से सैकड़ों पेड़ों की कटाई किए जाने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है। आरोप है कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को बाहर बेच दिया गया, जिससे शासन को राजस्व हानि होने की आशंका भी जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि संबंधित क्षेत्र में परिक्षेत्र अधिकारी, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी तथा वन अमले की नियमित मौजूदगी रहती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई होना विभागीय निगरानी और गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता बताई है।
घटना के संबंध में परिक्षेत्र अधिकारी अमरावती श्री लाल नेताम से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि मीडिया को आधिकारिक बयान देने का अधिकार उच्च अधिकारियों को है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि संबंधित स्थल से लकड़ी जब्त कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
वहीं कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित है और मामले की गहराई से जांच नहीं हो रही। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वन क्षेत्र को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है। फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर लोगों की निगाहें विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


