
*मुख्यमार्ग से जलेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज श्रवण उपाध्याय की रिपोर्ट
मुख्यमार्ग से जलेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण, आवागमन शुरू
नगर परिषद अधिकारियों के निरीक्षण के बाद आमजन एवं वाहनों के लिए मार्ग खोला गया
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक से लगभग 08 किलोमीटर दूर और अमरकंटक शहडोल मुख्य मार्ग से जालेश्वर मंदिर तक जाने वाली पुरानी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मार्ग को आमजन एवं वाहनों के लिए खोल दिया गया है । शहडोल मुख्य मार्ग से लगभग 01 किलोमीटर दूर स्थित जलेश्वर मंदिर तक अब श्रद्धालु , पर्यटक और स्थानीय नागरिक सुगमता से पहुंच सकेंगे ।
नगर परिषद एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के उपरांत सड़क को आवागमन के लिए उपयुक्त पाया गया साथ ही आगामी श्रावण मास को देखते हुए यह मार्ग विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है जिससे कांवरियों , बोलबम श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा ।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और सभी प्रकार के वाहन इस मार्ग से आवागमन कर सकते हैं । वहीं उपाध्यक्ष एडवोकेट रज्जू सिंह नेताम ने कहा कि नई सड़क क्षेत्रीय पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी ।
जलेश्वर निवासी हनुमान सिंह ने मंदिर और दुकानों के आसपास बच्चों एवं मवेशियों की सुरक्षा को देखते हुए स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है । नगर परिषद के उपयंत्री ब्रजेश पांडेय ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन से सड़क का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया गया ।

