*राष्ट्रीय रामायण मेला की पंचदिवसीय आयोजन का संकल्प*

भाटापारा ग्लोबल न्यूज जुगल किशोर तिवारी की रिपोर्ट



गायत्री मंदिर में गूंजा रामनाम, राष्ट्रीय रामायण मेला की बैठक में बना पंचदिवसीय आयोजन का संकल्प
14 से 18 जनवरी 2027 तक भाटापारा में सजेगा रामकथा का दिव्य दरबार, श्रीलंका-नेपाल के कलाकारों के आगमन की प्रबल संभावना
*भाटापारा ग्लोबल न्यूज*
धर्मनगरी भाटापारा के गायत्री मंदिर परिसर में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और साहित्य की त्रिवेणी प्रवाहित हुई। राष्ट्रीय रामायण मेला समिति भाटापारा की बैठक मंदिर प्रांगण के शांत, पवित्र वातावरण में संपन्न हुई, जहाँ रामचरितमानस की चौपाइयों की गूंज के बीच आगामी राष्ट्रीय रामायण मेला के भव्य आयोजन का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत दो वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2027 में भी 14 जनवरी से 18 जनवरी तक पाँच दिवसीय राष्ट्रीय रामायण मेला का आयोजन किया जाएगा।
मानस के मर्मज्ञों से सजेगा मंच
राष्ट्रीय रामायण मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रामकथा के सागर में डुबकी लगाने का पावन अवसर है। इसमें देश के कोने-कोने से ख्यातिप्राप्त मानस मर्मज्ञ, रामायण प्रवचनकर्ता, विद्वान और धार्मिक कलाकार पधारते हैं। उनकी वाणी से रामकथा की अमृतधारा बहती है, जिसमें डूबकर श्रद्धालु धन्य हो जाते हैं।
इन अतिथि कलाकारों और विद्वानों के लिए भोजन, आवास और मानदेय की समस्त व्यवस्थाएँ नगर और क्षेत्रवासियों के तन, मन और धन के सहयोग से की जाती हैं। यही इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता है – यह मेला जन-जन का, जन-जन के लिए है।
पिछले वर्ष अंतर्राष्ट्रीय हुआ था आयोजन
पिछले वर्ष यह आयोजन राष्ट्रीय की सीमाएं लांघकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हो गया था, जब श्रीलंका के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया और खूब वाहवाही बटोरी। इस वर्ष भी श्रीलंका के कलाकारों सहित नेपाल के कलाकारों के आगमन की प्रबल संभावना है, जिससे इस बार का मेला और भी दिव्य और भव्य होने की आशा है।
समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि नगरवासियों के सहयोग और रामभक्तों की श्रद्धा से सारी व्यवस्थाएँ ससमय पूर्ण होंगी।
बैठक में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
बैठक में समिति के संरक्षक डॉ. ललित सिंह ठाकुर, अध्यक्ष बिहारी लाल अग्रवाल, महिला उपाध्यक्ष डॉ. वीणा साहू, सचिव रमेश कुमार वर्मा, संयुक्त सचिव भंवर सिंह साहू, कोषाध्यक्ष कल्याण सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी नीरा देवी साहू, सती साहू, गायत्री आडिल, मोहन केसरवानी, डॉ. खुमान सिंह वर्मा, भागीरथी वर्मा, बी. वर्मा, डॉ. निवेदिता वर्मा आदि उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा रामकथा का यह यज्ञ नगर के सहयोग से ही संपन्न होगा, और भाटापारा की धरती एक बार फिर राममय हो जाएगी।








