
*जवाहर नवोदय विद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज श्रवण उपाध्याय की रिपोर्ट

अमरकंटक के जवाहर नवोदय विद्यालय में “फुटबॉल 4 स्कूल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों में खेल संस्कृति और शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस वसीम अहमद, अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) पुष्पराजगढ़ थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं
इस कार्यक्रम के तहत अनूपपुर जिले के लगभग 24 विद्यालयों को फुटबॉल वितरित किए गए, जिससे विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध हो सके। यह वितरण एसडीएम वसीम अहमद पुष्पराजगढ़ द्वारा किया गया, जिसे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सराहा
यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संस्था फीफा (FIFA) द्वारा संचालित एक वैश्विक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों में फुटबॉल के माध्यम से शिक्षा और जीवन कौशल का विकास करना है। भारत में इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसमें अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का सक्रिय सहयोग प्राप्त है
