*अमरकंटक के कपिलधारा में 20 दुकानों को हटाया गया*

अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
अमरकंटक के कपिलधारा में दो दिवसीय अतिक्रमण की कार्रवाई में 20 दुकानों को हटाया
सड़क , फुटपाथ और पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल , खाली स्थानों पर होगा पौध-रोपण
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रमुख पर्यटन स्थल कपिलधारा में नगर परिषद द्वारा 30 एवं 31 अक्टूबर को दो दिवसीय अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई । कलेक्टर महोदय के निर्देशन में नगर परिषद अमरकंटक के सीएमओ चैन सिंह परस्ते की उपस्थिति में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क एवं फुटपाथ किनारे दुकानें लगाकर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया ।
कार्रवाई में करीब 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए।
इस दौरान नगर परिषद के राजस्व अमले में शामिल गणेश प्रसाद पाठक , चैन सिंह मंडलोई , मनीष विश्वकर्मा , गणेश यादव , उमाशंकर परमार सहित कार्यालय के समस्त राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे । टीम द्वारा कपिलधारा के पार्किंग स्थल से लेकर नर्मदा नदी एवं पुल तक सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों को हटवाया गया ।
सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि कपिलधारा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर सड़क , पार्किंग एवं आवागमन के सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है । इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है । जिन दुकानदारों को पूर्व में निश्चित स्थान अथवा दुकान आवंटित की गई है , उनमें से कुछ द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक क्षेत्र में दुकानें फैलाई गई हैं । ऐसे दुकानदारों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं तथा अतिरिक्त कब्जे वाले हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जाएगी ।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाकर खाली कराए गए कुछ स्थानों पर हरित क्रांति अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी कराया जाएगा , ताकि पर्यटन स्थल की सुंदरता और हरियाली को बढ़ावा मिल सके ।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से कपिलधारा क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की दिशा में पहल हुई है । अब देखना होगा कि अतिक्रमण हटने के बाद इन स्थानों पर दोबारा कब्जा न हो तथा पौधरोपण और साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से बनी रहे ।

