
*हर्षवर्धन सिंह ने यूपीएससी 2025 में 212वीं रैंक प्राप्त कर बढ़ाया गौरव*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
अमरकंटक के कल्याणिका विद्यालय का छात्र हर्षवर्धन सिंह ने यूपीएससी 2025 में 212वीं रैंक प्राप्त कर बढ़ाया गौरव
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक के पावन भूमि में स्थित कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय के पूर्व छात्र हर्षवर्धन सिंह ने देश की सबसे प्रतिष्ठित एवं कठिन परीक्षाओं में से एक संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए 212वीं रैंक हासिल की है । उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे अमरकंटक क्षेत्र और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है । क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और उत्साह का वातावरण व्याप्त है ।
हर्षवर्धन सिंह ने वर्ष 2013 में कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन अमरकंटक में अपनी स्कूली शिक्षा पूर्ण की थी । छात्र जीवन के दौरान वे अपनी प्रतिभा , अनुशासन , परिश्रम और विनम्र स्वभाव के कारण शिक्षकों एवं सहपाठियों के बीच विशेष पहचान रखते थे । उनके पिता नरेंद्र सिंह तथा माता संगीता सिंह निवासी नागौद भी उनके जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । माता-पिता के स्नेह , संस्कार और निरंतर प्रोत्साहन ने उनके व्यक्तित्व और लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान किया । परिवार के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के साथ उन्होंने कठिन परिश्रम करते हुए यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की ।
विद्यालय के शिक्षक बताते हैं कि हर्षवर्धन सिंह प्रारंभ से ही मेधावी , जिज्ञासु और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं । उनकी अध्ययनशीलता और सकारात्मक सोच उन्हें अन्य छात्रों से अलग पहचान देती थी । पढ़ाई के साथ-साथ वे विद्यालय की शैक्षणिक , सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लेते थे जिससे उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास हुआ ।
इस अवसर पर श्री कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंधन्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हर्षवर्धन सिंह विद्यालय के अत्यंत प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं । छात्र जीवन में ही उनके मन में प्रशासनिक सेवा में जाने का दृढ़ संकल्प था और वे निरंतर अपने शिक्षकों से मार्गदर्शन लेते रहते थे । आज उनकी सफलता उसी संकल्प और अथक परिश्रम का परिणाम है । उन्होंने कहा कि कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार , अनुशासन और चरित्र निर्माण पर भी विशेष बल देता है । विद्यालय के समर्पित शिक्षक छात्रों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं ।
यही कारण है कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले अनेक छात्र आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों एवं महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं ।
हर्षवर्धन सिंह की यह उपलब्धि अमरकंटक के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है । उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि विद्यार्थी लगन , अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करते रहें तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है । स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने पारम्बा मां नर्मदा से हर्षवर्धन सिंह के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि वे आगे भी राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करें और समाज के लिए प्रेरणा बनें ।
स्कूल के उपप्राचार्य श्रीराम त्रिपाठी ने कहा कि स्कूल प्रारंभ से ही उनकी लगन और मेहनत दिखाई दे रही थी जो आज उभरकर सामने आया । हर्षवर्धन सिंह की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय परिवार , क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों , शिक्षकों , विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं । उनकी सफलता ने अमरकंटक की पावन धरा को एक बार फिर गर्व से आलोकित कर दिया है ।
