
*अमरकंटक के विद्यालयों का शानदार परीक्षा परिणाम*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
विद्यार्थियों ने रचा सफलता का नया इतिहास
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा। हाई स्कूल (10वीं) में कुल 99 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से 97 उत्तीर्ण हुए तथा केवल 2 छात्र अनुत्तीर्ण रहे। इनमें 91 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 6 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। कल्याण सेवा आश्रम निवासी छात्र अंकित कुमार ने 450 अंक (90%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मयंक सिंह उईके ने 449 अंक (89%) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि मयंक सिंह के पिता चरण सिंह उईके इसी विद्यालय में शिक्षक हैं। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 98 प्रतिशत रहा।
हायर सेकेंडरी (12वीं) में भी विद्यालय का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। कुल 85 परीक्षार्थियों में से 84 उत्तीर्ण हुए, जबकि एक छात्र अनुत्तीर्ण रहा। गणित संकाय के छात्र प्रदीप कुमार ने 88% अंक प्राप्त किए, वहीं कला संकाय की छात्रा सुरभि मरावी ने भी 88% अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया। 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.8 प्रतिशत रहा।
वहीं सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की। हाई स्कूल (10वीं) में 58 में से 54 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिसमें 53 प्रथम श्रेणी एवं 1 द्वितीय श्रेणी में रहे। दिगंबर मरावी एवं विक्रांत साहू ने 460 अंक (92%) प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 93.1 प्रतिशत रहा।
हायर सेकेंडरी (12वीं) में विद्यालय का परिणाम 94.4 प्रतिशत रहा। कुल 36 विद्यार्थियों में से 34 उत्तीर्ण हुए, जबकि 2 अनुत्तीर्ण रहे। कृषि विज्ञान के छात्र प्रदीप सिंह ने 87.6% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चैन सिंह ने 79% अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यालयों की इस सफलता पर पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अनुजा मिश्रा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसका श्रेय शिक्षकों एवं छात्रों की मेहनत को दिया। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य रोहित लाल त्रिपाठी ने भी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों एवं आचार्यगण के योगदान की सराहना की।
अमरकंटक के इन दोनों विद्यालयों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम ने क्षेत्र में शिक्षा के बढ़ते स्तर और विद्यार्थियों की मेहनत को एक बार फिर प्रमाणित किया है।


