
*अमरकंटक आईं रूसी महिला पर्यटकों को खूब भा रही यहां की फिज़ा*
अमरकंटक ग्लोबल न्यूज – श्रवण कुमार उपाध्याय की रिपोर्ट
जैन मंदिर जन्म कल्याणक महोत्सव के पंगत में बैठकर प्रसाद किया ग्रहण
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल की हरी-भरी वादियां , शांत वातावरण और सुहावना मौसम इन दिनों विदेशी पर्यटकों को भी विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है । विदेशी पर्यटक रूस से आई पांच महिला यात्री भी अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता , आध्यात्मिक वातावरण और यहां की आत्मीय संस्कृति से बेहद प्रभावित नजर आईं ।
रूस के मास्को के आसपास के क्षेत्र से आई इन पर्यटकों—अकसाना , इलियाना , आना , हेलियाना और एलियाना—ने बताया कि अमरकंटक का शांत , ठंडक भरा और हरियाली से आच्छादित वातावरण उन्हें बहुत पसंद आ रहा । हजारों किलोमीटर दूर से भारत भ्रमण पर आई इन पर्यटकों ने कहा कि मध्य प्रदेश और अमरकंटक के लोग बहुत मिलनसार और सहयोगी हैं , जिससे उन्हें यहां किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही ।
इन पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने मां नर्मदा के उद्गम स्थल के बारे में पहले से सुना था इसलिए वे विशेष रूप से अमरकंटक आई हैं । यहां की आध्यात्मिकता , प्राकृतिक सौंदर्य और लोगों का अपनापन उन्हें अत्यंत आकर्षित कर रहा है । वे सभी इन दिनों मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होलीडे होम्स में ठहरी हुई हैं और आसपास के धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर रही हैं ।
गुरुवार 12 मार्च 2026 को दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र जैन मंदिर परिसर में आयोजित 1008 श्री आदिनाथ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर विशाल भंडारे में भी ये सभी विदेशी पर्यटक पहुंचीं । यहां उन्होंने भारतीय परंपरा के अनुसार सभी श्रद्धालुओं के साथ जमीन पर पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया । भारतीय शैली में परोसे गए भोजन को उन्होंने बड़े उत्साह से चखते हुए कहा कि भोजन बहुत स्वादिष्ट है ।
इस दौरान वे स्थानीय श्रद्धालुओं से मिलती-जुलती रहीं , हाथ मिलाकर अभिवादन करती रहीं और कई लोगों के साथ स्मृति स्वरूप फोटो भी खिंचवाईं । टूटी-फूटी अंग्रेजी और अपनी रूसी भाषा के माध्यम से वे लोगों से संवाद करती नजर आईं ।
रूसी पर्यटकों ने मुस्कुराते हुए कहा कि “इंडिया-रूस भाई-भाई” और भारत के लोग बहुत अच्छे हैं । उन्होंने कहा कि अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता , आध्यात्मिक माहौल और यहां के लोगों का अपनापन उनके लिए एक यादगार अनुभव बनेगा ।

