*स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन *


**भाटापारा ग्लोबल न्यूज जुगल किशोर तिवारी की रिपोर्ट**भाटापारा ग्लोबल न्यूज**/ खमरिया स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन भव्य और गरिमामय तरीके से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक उत्सव जैसा माहौल था, जहां हर व्यक्ति के चेहरे पर उल्लास और ऊर्जा की झलक दिखाई दे रही थी। विद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पूरे आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल थे। विशिष्ट अतिथि शिवरतन शर्मा उपाध्यक्ष भाजपा छग उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में डॉ. नरेश भट्ट वरिष्ठ वैज्ञानिक इसरो, डॉ. हेमेंद्र आर कंसारा वरिष्ठ वैज्ञानिक इसरो, डॉ. एसपी व्यास वरिष्ठ वैज्ञानिक इसरो एवं हिमांशु भारतीय जिला शिक्षा अधिकारी, बलोदा बाज़ार ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराई। विद्यालय के प्रबंधक अश्विनी शर्मा, संदीप गोयल एवं साइंस कोऑर्डिनेटर, एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल, रायपुर से एमएन सिंह सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों से आमंत्रित प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, गणमान्य अभिवावक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच का प्रभावी संचालन विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने की। प्रबंधक ने अपने उद्घाटन भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों, लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया। इसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश पोपट ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने विद्यालय की प्रगति, शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्रों की सफलता तथा अन्य सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों का विस्तार से ब्यौरा दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया सांस्कृतिक कार्यक्रम था, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियां जैसे लोक नृत्य, समूह गीत, शास्त्रीय संगीत, नृत्य, नाटक आदि शामिल रहे। मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की और कहा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके वार्षिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया।
लोकनृत्यों ने दर्शकों को मोहा
लोक नृत्य की रंग-बिरंगी वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति के विविध रंगों से परिचित कराया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य जैसे भांगड़ा, गरबा, कथकली, दशावतार और बिहू ने कार्यक्रम को अत्यंत रोचक बना दिया। समूहगान में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष सीएल शुक्ल द्वारा रचित विद्यालय गीत गाकर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की पूरी फिलोसोफी बयां की गई। जहां एक ओर वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने अपने प्रदर्शन से लोगों को मंत्र-मुग्ध कर दिया वहीं कनिष्ठ वर्ग के नन्हें-मुन्ने बच्चे भी अपनी लुभावनी प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहना बटोरी। विद्यालय के छात्रों ने कला, संगीत और नाटक के माध्यम से न केवल मनोरंजन किया, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और सांस्कृतिक धरोहर को भी सामने रखा। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत अनुशासित और व्यवस्थित रूप से हुआ। अंत में शाला नायक ओम विश्नोई व शाला नायिका अपूर्वा मिश्रा द्वारा वोट ऑफ थैंक्स देकर कार्यक्रम के समापन की घोषणा राष्ट्रगान गाकर की गई। वार्षिकोत्सव का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक ऐसा मंच बना जिसने छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
