
*नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़: दो लाख 32 हजार जाली नोट के साथ दो गिरफ्तार*

* ग्लोबल न्यूज जुगल किशोर तिवारी की रिपोर्ट*नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़: दो लाख 32 हजार जाली नोट के साथ दो गिरफ्तार*
भाटापारा 9 दिसंबर/बलौदा बाजार जिले के लवन पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपितों, भुवन साहू उर्फ भूपेश (25) और तुषाल साहू उर्फ सोनू (26), दोनों लवन निवासी, को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोटों की कुल रकम 2,32,000 रुपये बरामद हुई है। इसके अलावा, पुलिस ने नकली नोट छापने में इस्तेमाल की जाने वाली प्रिंटिंग मशीन और कागज भी जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लवन नगर में कुछ लोग नकली नोट लेकर आए हैं और उन्हें बाजार में खपाने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर, लवन पुलिस की एक टीम ने जिला सहकारी बैंक के पीछे स्थित खंडहर में दबिश दी और आरोपितों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान, आरोपितों के पास से 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोटों के साथ ₹6,400 नकली नोट बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से नकली नोटों का कारोबार कर रहे थे। आरोपितों ने एक रंगीन प्रिंटर मशीन और प्रिंटर पेपर खरीदे थे, जिनका उपयोग करके वे 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोट छापते थे। आरोपितों ने यह भी बताया कि उन्होंने नकली नोटों को विनायक नगर, भाठागांव रायपुर स्थित एक किराए के मकान में रखा था। पुलिस ने तत्काल वहां दबिश देकर ₹2,26,000 के नकली नोट, प्रिंटिंग मशीन और कागज बरामद किए। कुल मिलाकर, आरोपितों से 2,32,400 रुपये का नकली नोट जब्त किया गया है।इस मामले में एक तीसरे आरोपित की भी भूमिका सामने आई है, जो फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
